प्रभावी तिथि 21 सितंबर 2026। यह नीति वेबसाइट naapi.in, इंस्टॉल किए गए वेब ऐप और Google Play पर उपलब्ध नापी ऐप (पैकेज in.naapi.app) पर लागू है; ऐप Chrome के भीतर वही साइट दिखाता है। "हम" का अर्थ है Google Play लिस्टिंग में दिया गया डेवलपर, जो naapi.in चलाता है।
संक्षेप में: आपके नक्शे, प्लॉट और नाप कभी आपके डिवाइस से बाहर नहीं जाते। सर्वर पर केवल छह महीने का एक छोटा उपयोग-लॉग, मालिक के बनाए खाते और साझा लाइब्रेरी में अपलोड की गई शीटें रहती हैं। न विज्ञापन, न एनालिटिक्स सेवा, न डेटा की बिक्री।
आपके डिवाइस पर क्या रहता है
आपका पूरा काम। जो नक्शा आप खोलते हैं (PDF, स्कैन या फोटो), जो प्लॉट आप बनाते हैं, पैमाना, बटवारा, सहेजे गए प्रोजेक्ट और छपी रिपोर्ट — सब आपके अपने फोन या कंप्यूटर में ब्राउज़र के स्टोरेज में रहते हैं और कहीं और नहीं जाते। फोन के GPS से मिली स्थिति डिवाइस पर ही नक्शे पर बिंदु रखने में काम आती है और naapi.in को नहीं भेजी जाती। कैमरे से ली गई फोटो का भी यही हाल है। ब्राउज़र में साइट का डेटा मिटाने या ऐप हटाने से यह सब हट जाता है।
सर्वर को क्या मिलता है
एक उपयोग-नोट। ऐप के इस्तेमाल पर naapi.in को एक छोटा नोट जाता है, जिससे मालिक देख सकें कि सेवा चल रही है और कितनी इस्तेमाल हो रही है: समय, क्या किया गया (ऐप खुला, नक्शा खुला, रिपोर्ट छपी या निर्यात हुई, लाइब्रेरी की शीट खुली), संबंधित फ़ाइल का नाम, आपका IP पता और ब्राउज़र या ऐप का संस्करण। नोट में नक्शा, प्लॉट या कोई नाप कभी शामिल नहीं होती। नोट 180 दिन रखे जाते हैं, फिर मिटा दिए जाते हैं। साइन-इन होने पर नोट में आपका यूज़रनेम भी होता है।
खाते। सार्वजनिक साइन-अप नहीं है। साझा लाइब्रेरी संभालने वालों के खाते मालिक बनाते हैं; इनमें यूज़रनेम, पासवर्ड का हैश और भूमिका रहती है। खाता तब तक रहता है जब तक मालिक उसे हटा न दें। साइन-इन करने पर एक कुकी बनती है जो 30 दिन तक आपको साइन-इन रखती है; ऐप कोई और कुकी नहीं बनाता।
लाइब्रेरी अपलोड। साइन-इन किए उपयोगकर्ता द्वारा साझा लाइब्रेरी में अपलोड की गई नक्शे की शीट, अपलोड के समय दिए गए जिला, अंचल, मौजा और शीट के विवरण के साथ, हटाए जाने तक सर्वर पर रहती है।
सर्वर लॉग। हर वेबसाइट की तरह वेब सर्वर सुरक्षा और खराबी ढूँढने के लिए हर अनुरोध का रिकॉर्ड (माँगा गया पता, समय, आपका IP पता और ब्राउज़र का प्रकार) ऐसी लॉग फ़ाइलों में रखता है जो समय-समय पर बदलती रहती हैं।
Google Maps
सैटेलाइट परत वैकल्पिक है और तभी लोड होती है जब आप उसे खोलें, और केवल वहीं जहाँ मालिक ने उसे चालू किया हो। यह Google Maps से आती है, इसलिए उस समय Google को वही जानकारी मिलती है जो किसी भी Google Maps पेज को मिलती है: नक्शे का वह हिस्सा जो आप देख रहे हैं, आपका IP पता, और जगह खोजने पर टाइप किया गया पाठ। उस पर Google की अपनी निजता नीति (policies.google.com/privacy) लागू है। नापी आपके प्लॉट के बारे में Google को कुछ नहीं भेजता, और सैटेलाइट परत बंद रहने पर Google को कुछ भी नहीं जाता।
नापी क्या नहीं करता
- न विज्ञापन, न विज्ञापन पहचानकर्ता।
- न एनालिटिक्स या ट्रैकिंग सेवा; सैटेलाइट परत खुली होने पर Google Maps के अलावा कोई बाहरी स्क्रिप्ट नहीं।
- किसी को डेटा बेचना, किराये पर देना या साझा करना नहीं।
- आपके संपर्क, संदेश, फोटो या फ़ाइलों तक कोई पहुँच नहीं, सिवाय उस फ़ाइल के जो आप खोलें या उस फोटो के जो आप लें।
Android ऐप कौन-सी अनुमतियाँ माँगता है
कैमरा, जब आप नक्शे की फोटो लेना चुनें। स्थान (लोकेशन), जब आप GPS से बिंदु रखना या सीमा पर चलना चुनें; इसका उपयोग केवल डिवाइस पर होता है। फ़ाइलें, जब आप नक्शा, प्रोजेक्ट या रिपोर्ट खोलें या सहेजें। हर अनुमति उस सुविधा के पहले उपयोग पर माँगी जाती है और मना की जा सकती है; बाकी ऐप उसके बिना भी चलता है।
बच्चे
नापी वयस्कों के लिए भूमि-अभिलेख का औज़ार है। यह बच्चों के लिए नहीं है, और हम जानबूझकर 18 वर्ष से कम उम्र के किसी व्यक्ति की जानकारी नहीं लेते।
आपके विकल्प और अधिकार
- आपके डिवाइस पर रखा सब कुछ आप कभी भी मिटा सकते हैं: ब्राउज़र में साइट का डेटा साफ़ करें, या ऐप हटा दें।
- आपके IP पते से जुड़े उपयोग-नोट, या कोई खाता और उसका डेटा, ऊपर बताई अवधि से पहले मिटवाने के लिए हमें लिखें। हम 30 दिन के भीतर करके पुष्टि करेंगे।
- आप पूछ सकते हैं कि हमारे पास आपके बारे में क्या है। सर्वर पर आगंतुकों के नाम या ई-मेल पते नहीं रखे जाते, इसलिए रिकॉर्ड केवल आपके बताए यूज़रनेम या IP पते से ही ढूँढे जा सकते हैं।
बदलाव
नीति बदलने पर नया संस्करण नई तिथि के साथ यहीं प्रकाशित होगा। बड़ा बदलाव ऐप के रिलीज़ नोट में भी बताया जाएगा।
संपर्क
निजता से जुड़े प्रश्न: iit2009042@gmail.com